Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

समाचार सारथी डॉट कॉम' में आपका स्वागत है। यह एक ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो आपको निष्पक्ष, संतुलित और विश्वसनीय समाचार प्रदान करता है। हमारी टीम के अनुभवी पत्रकार और समाचार विशेषज्ञ आपको राजनीति, अपराध, योजनाएं और मनोरंजन सहित अनेक विषयों पर जानकारी प्रदान करते हैं। हमारा नेटवर्क विभिन्न डिजिटल चैनलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित पूरे भारत से समाचारों को कवर करता है। हमारी टीम वाणिज्यिक विज्ञापन वीडियो सामग्री बनाने में भी माहिर है।

Chhattisgarh

गोपाल व्यास आजीवन समाजसेवा में रहे समर्पित, निधन के बाद भी आएंगे देश के काम

Blog Image
114

रायपुरः छत्तीसगढ़ राजनीति के पुरोधा और प्रखर चिंतक गोपाल व्यास का निधन हो गया है। छत्तीसगढ़ से पूर्व राज्यसभा सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल व्यास ने 93 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका पूरा जीवन राष्ट्र, प्रदेश और समाज को समर्पित तो रहा ही.. अब देहावसान के बाद उनका पार्थिव शरीर भी समाज के काम आएगा। जैसे महर्षि दधीचि ने समाज कल्याण के लिए भगवान इंद्र को अपनी अस्थि दान में दे दी थी, उसी तरह गोपाल व्यास ने अपना शरीर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दान कर दिया।  

 कार्यकर्ताओं के शीरू भैया


15 फरवरी 1932 को जन्में गोपाल व्यास  कुशाग्र बुद्धि के साथ संवेदशील व्यक्तित्व के शख्स थे। जबलपुर से इंजीनियरिंग और कानून की डिग्री लेने के बाद अच्छी नौकरी होने पर भी समाज के प्रति उनका सेवाभाव उन्हें राजनीति में खींच लाया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जुड़कर वो देश-प्रदेश की सेवा में जुट गए। लोकतंत्र सेनानी के रूप में वो 1975-1977 तक मीसाबंदी भी रहे। मध्य क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र प्रचारक गोपाल व्यास कार्यकर्ताओं के बीच ‘शीरू भैया’ के नाम से प्रसिद्ध थे। उन्होंने 3 अप्रैल 2006 से 2 अप्रैल 2012 तक छत्तीसगढ़ राज्य से राज्यसभा सदस्य के रूप में उल्लेखनीय काम किए।


सरलता और सादगी की मिसाल

गोपाल व्यास ने छत्तीसगढ़ में भाजपा के सदस्यता अभियान में भी हिस्सा लिया था। करीब एक महीने पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें सदस्यता दिलाई थी। उनकी सरलता और सादगी ने सभी को प्रभावित किया। उनकी सादगी ऐसी थी कि सांसद रहते हुए भी रेल आरक्षण कराने वो स्वयं टिकट काउंटर पर कतार में खड़े हो जाते थे। छत्तीसगढ़ के विकास के लिए सदैव चिंतन करने वाले मार्गदर्शक गोपाल व्यास का यूं चले जाना पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका निधन त्याग, तपस्या, कर्मठता और सादगी के एक युग के अवसान जैसा है। देश के साथ छत्तीसगढ़ के तमाम नेता, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 

 छत्तीसगढ़ के नेताओं ने जताया शोक


पूर्व राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य रहे श्रीयुत् श्रीगोपाल जी व्यास के देहावसान का दुःखद समाचार मिला। अपना सारा जीवन संघ के स्वयंसेवक के रूप में श्रीगोपाल जी ने सामाजिक उत्थान और सेवाभाव से कार्य किए और छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सदस्य के रूप में भी उनका योगदान अविस्मरणीय है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें।- डॉ रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष  


हम सबके वरिष्ठ और पूर्व राज्यसभा सांसद श्री गोपाल व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य रहे, साथ ही लोकतंत्र सेनानी के रूप में वे 1975-1977 तक मीसाबंदी भी रहे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति! -विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ, पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री गोपाल व्यास जी के गोलोक गमन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम से मेरी प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। "ॐ शांति" -किरण देव, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा 


Related Post