रायपुरः छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। छत्तीसगढ़ मंडपम में राज्यपाल रमेन डेका ने 3 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। आरंग सीट से विधायक गुरु खुशवंत साहेब, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और दुर्ग शहर सीट से विधायक गजेंद्र यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही पहली बार छत्तीसगढ़ में अब 14 मंत्री हो गए हैं।
गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार और अनुसूचित जाति विकास सौंपा गया है। राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की कमान मिली है। गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग दिया गया है।
विभागों का बंटवारा
- विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री- सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विमानन, सुशासन एवं अभिसरण, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, जन शिकायत एवं निवारण एवं अन्य विभाग जो किसी मंत्री को आवंटित न हो
- अरूण साव, उप मुख्यमंत्री- लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण
- विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री- गृह एवं जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी
- राम विचार नेताम- आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन, पशुधन विकास
- दयाल दास बघेल- खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण
- केदार कश्यप- वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य
- लखन लाल देवांगन- श्रम, वाणिज्य और उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी)
- श्याम बिहारी जायसवाल- लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन
- ओपी चौधरी- वित्त, वाणिज्यिक कर (आबकारी को छोड़कर), आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी
- लक्ष्मी राजवाड़े- महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण
- टंकराम वर्मा- राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा
- गजेंद्र यादव- स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य
- गुरू खुशवंत साहेब- कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास
- राजेश अग्रवाल- पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व
जाति और क्षेत्र का समीकरण
मंत्रिमंडल विस्तार में जातिय और क्षेत्रीय समीकरण को भी साधा गया है। सबसे ज्यादा ओबीसी वर्ग को प्रतिनिधित्व मिला है। ओबीसी वर्ग से डिप्टी सीएम अरुण साव, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लखनलाल देवांगन, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े और गजेंद्र यादव मंत्रिमंडल में शामिल हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रामविचार नेताम और केदार कश्यप हैं। अनुसूचित जाति वर्ग से दयालदास बघेल और गुरु खुशवंत साहेब 2 मंत्री हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा और राजेश अग्रवाल सामान्य वर्ग से हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब सरगुजा संभाग के सबसे ज्यादा 5 मंत्री हैं। बिलासपुर संभाग से 3, दुर्ग संभाग से 3, रायपुर संभाग से 2 और बस्तर संभाग से एक मंत्री हैं।