रायपुरः लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा और अब नगरीय निकाय चुनावों में भी भाजपा की बड़ी जीत हुई है। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। सभी 10 नगर निगमों में भाजपा प्रत्याशियों की शानदार जीत हुई है। 35 नगर पालिका और 82 नगर पंचायतों में भी भाजपा को एकतरफा जीत मिली है।
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव 2025 के नतीजे | ||||
नगरीय निकाय | कुल | भाजपा | कांग्रेस | अन्य |
नगर निगम | 10 | 10 | 0 | 0 |
नगर पालिका | 49 | 35 | 8 | 6 |
नगर पंचायत | 114 | 82 | 21 | 11 |
रायपुर में रिकॉर्ड मतों से जीत
रायपुर नगर निगम में मीनल चौबे ने दीप्ति दुबे के रिकॉर्ड डेढ़ लाख वोटों से हराया। इसके साथ ही 15 साल बाद रायपुर नगर निगम की सत्ता कांग्रेस से छिन गई। भाजपा अपनी जीत के पीछे केंद्र और राज्य सरकार पर जनता का भरोसा बता रही है। ये जीत ये भी साफ कर रही है कि जनता ने नगर निगम में कांग्रेस के 15 सालों के नकार दिया है। ऐसे में कांग्रेस को अब मंथन की जरुरत है कि वो इन 15 सालों के विकास में कहां चूक गई।
नगर निगम चुनाव 2025 के नतीजे | ||
नगर निगम | जीत | हार |
रायपुर | मीनल चौबे | दीप्ति दुबे |
दुर्ग | अलका बाघमार | प्रेमलता साहू |
बिलासपुर | पूजा विधानी | प्रमोद नायक |
कोरबा | संजू देवी राजपूत | उषा तिवारी |
अंबिकापुर | मंजूषा भगत | अजय तिर्की |
जगदलपुर | संजय पांडे | मलकीत सिंह गैदू |
राजनांदगांव | मधूसूदन यादव | निखिल द्विवेदी |
रायगढ़ | जीवर्धन चौहान | जानकी काटजू |
चिरमिरी | रामनरेश राय | विनय जायसवाल |
धमतरी | जगदीश रामू मेहरा | कोई नहीं |
चाय वाला बना महापौर
रायगढ़ में जीववर्धन सिंह चौहान ने महापौर पद के चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस की जानकी काटजू को 27 हजार वोटों से हराया। जीववर्धन की जीत इसलिए खास है क्योंकि वो चाय की दुकान चलाते हैं। उनकी पहचान अभी तक चाय बेचने वाले के रूप में रही है। जीववर्धन की जीत को पीएम नरेंद्र मोदी से भी जोड़कर देख जा रहा है, जो खुद स्टेशन पर चाय बेचा करते थे।
भाजपा की महिला प्रत्याशियों का 100% स्ट्राइक रेट
भाजपा की ये जीत बेहद खास है। नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 10 में से 5 पर महिला मेयर प्रत्याशियों को उतारा था और पांचों में ही भाजपा को सफलता मिली है। भाजपा की महिला प्रत्याशियों ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। रायपुर में मीनल चौबे ने कांग्रेस की दीप्ति दुबे को हराया। बिलासपुर में पूजा विधानी ने कांग्रेस के प्रमोद नायक, दुर्ग में अलका बाघमार ने कांग्रेस की प्रेमलता साहू, अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने अजय तिर्की और कोरबा में संजू राजपूत ने कांग्रेस की ऊषा तिवारी को मात दी।
49 नगर पालिका अध्यक्ष पद के नतीजे
- बीजेपी ने 35 नगर पालिका में दर्ज की जीत
- कांग्रेस ने 08 नगर पालिका में दर्ज की जीत
- 05 नगर पालिका में निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत
- AAP ने 01 नगर पालिका में जीत दर्ज की
114 नगर पंचायत के नतीजे
- बीजेपी ने 82 नगर पंचायत में दर्ज की जीत
- कांग्रेस ने 21 नगर पंचायत में दर्ज की जीत
- निर्दलीय प्रत्याशियों ने 10 नगर पंचायत में दर्ज की जीत
- BSP ने 1 नगर पंचायत में दर्ज की जीत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रचंड विजय पर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व को बधाई दी है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने भी खुशी जताई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि ये जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल-इंजन सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
हार की समीक्षा करेगी कांग्रेस
विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव और अब नगरीय निकाय चुनावों में भी मिली करारी हार ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। कांग्रेस नेता एक तरफ हार की समीक्षा करने की बात तो कह रहे हैं, दूसरी तरफ ईवीएम और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप भी लगा रहे हैं।