रायपुरः अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल को छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई। राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की कमान मिली है। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी नेतृत्व में आत्मनिर्भर और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने ये विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा समर्पित करते हुए जनकल्याण और विकास की गाथा का नया अध्याय लिखने में कोई कमी नहीं रहने देंगे।
आदिशक्ति माँ महामाया के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा का संकल्प लेकर आज राजभवन रायपुर में राज्यपाल माननीय श्री @ramendeka16 जी, माननीय मुख्यमंत्री श्री @vishnudsai जी, माननीय विधानसभा अध्यक्ष @drramansingh जी की गरिमामयी उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री के… pic.twitter.com/pxKiUvM3yR
— Rajesh Agrawal (@RajeshAgBJP) August 20, 2025
राजेश अग्रवाल की राजनीतिक यात्रा
- 1 जून 1967 को सरगुजा के लखनपुर में जन्म
- 1983 में 10वीं की परीक्षा पास की
- 2002 में कुंवरपुर ग्राम पंचायत के उपसरपंच
- 2014 में लखनपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष
- 2018 में सरगुजा जिला कार्यकारिणी के सदस्य
- 2023 में अंबिकापुर सीट से विधायक निर्वाचित
- 2025 में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री
राजेश अग्रवाल का जन्म 1 जून 1967 को सरगुजा जिले के लखनपुर में हुआ। 1983 में उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल से 10वीं की परीक्षा पास की। इसके बाद वो पारिवारिक व्यवसाय में जुट गए। इसके साथ ही वो सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहे। 2002 में राजेश अग्रवाल कुंवरपुर ग्राम पंचायत के उपसरपंच चुने गए। 2014 में वो लखनपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष बनाए गए। 2018 में भाजपा की सरगुजा जिला कार्यकारिणी का सदस्य रहने के दौरान उनकी कार्यशैली और समर्पण ने पहचान दिलाई। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर सीट पर बड़ी जीत दर्ज करते हुए डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को हरा दिया। 2025 में उन्हें पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री बनाया गया।