रायपुर/भिलाईः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन श्री जगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु श्री जगन्नाथ भगवान की पूजा-अर्चना की। IIT भिलाई और आयुष विश्वविद्यालय के दीक्षांत में शामिल हुईं। नवीन मुख्यमंत्री निवास का दौरा किया और फिर दिल्ली वापस लौट गईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर आई थीं। इस दौरान उनके मुख्य आतिथ्य में 4 उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों के दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुए, जिसमें एम्स रायपुर एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ममोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष यूनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ नवा रायपुर का दीक्षांत समारोह शामिल है। इसके साथ ही नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने महतारी वंदन योजना की 70 लाख लाभार्थी महिलाओं को उनके बैंक खातों में 9वीं किश्त अंतरित की।
IIT भिलाई के दीक्षांत समारोह में महामहिम
इसके बाद आईआईटी भिलाई के तृतीय और चतुर्थ दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आईआईटी भिलाई के आदिवासी समाज की प्रगति के लिए तकनीकी क्षेत्र में किए गए विशेष प्रयास सराहनीय हैं।
IIT भिलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि इस संस्थान का शिलान्यास और लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। 14 जून 2018 को इसकी नींव रखी गई थी और संस्थान के इस अत्याधुनिक स्थायी परिसर को उन्होंने 20 फरवरी 2024 को राष्ट्र को समर्पित किया था।
आयुष विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह
इसके बाद राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में शामिल होकर संस्थान के 25 विद्यार्थियों को 33 स्वर्ण पदक और 6 विद्यार्थियों को सुपर स्पेशलिस्ट की उपाधि प्रदान की। उन्होंने जनजाति समाज में सिकल सेल एनीमिया की समस्या के उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि सभी विद्यार्थियों को समय-समय पर गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ करना चाहिए।
राज्यपाल रमेन डेका ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन उनके अथक प्रयासों, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह न केवल विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक उपलब्धि है बल्कि मानव सेवा के मार्ग पर एक उत्कृष्ट शुरुआत है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र मानवता की सेवा का प्रतीक है। उन्होंने सभी स्नातक छात्रों को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निर्वहन और सेवा भाव से कार्य करने की बात कही।
आयुष विश्वविद्यालय के छात्रों को स्वर्ण पदक व डिग्री मिलने की बधाई।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) October 26, 2024
मुझे पूरा विश्वास है कि ये युवा छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के सहभागी बनेंगे। pic.twitter.com/6Css0E49PW
मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवा रायपुर के नवीन मुख्यमंत्री निवास पहुंची। यहां महामहिम का आत्मीय स्वागत सत्कार किया गया। दो दिवसीय दौरा संपन्न होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो हुईं। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहें और उन्हें भावभीनी विदाई दी।