रायपुरः 'जल संचय जन भागीदारी पहल' से जल संचय में छत्तीसगढ़ पूरे देश में पहले स्थान पर है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत 1 लाख 53 हजार 533 काम पूरे हुए हैं और 10 हजार 872 काम जारी हैं। इसके साथ ही देश के पहले 10 जिलों में छत्तीसगढ़ के 8 जिलों ने स्थान हासिल किया है।
इसमें पहले स्थान पर रायपुर जिला है, दूसरे स्थान पर बिलासपुर और तीसरे स्थान पर रायगढ़ जिला है। इसी तरह चौथे स्थान पर बलौदाबाजार-भाटापारा, पांचवे स्थान पर बलरामपुर-रामानुजगंज, छठवें स्थान पर गरियाबंद, सातवें स्थान पर दुर्ग और दसवें स्थान पर धमतरी जिला है।
| स्थान | जिला | जल संचय के काम (पूरे+जारी) |
| पहला | रायपुर | 35,758 + 5064 |
| दूसरा | बिलासपुर | 16,389 + 1643 |
| तीसरा | रायगढ़ | 16,629 + 662 |
| चौथा | बलौदाबाजार-भाटापारा | 16,730 + 300 |
| पांचवां | बलरामपुर-रामानुजगंज | 8618 + 586 |
| छठवां | गरियाबंद | 6899 + 634 |
| सातवां | दुर्ग | 4915 + 609 |
| दसवां | धमतरी | 3706 + 107 |
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्षा जल संचयन को बढ़ाने और दीर्घकालिक जल स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जल संचय जन भागीदारी पहल शुरू की थी। जल शक्ति मंत्रालय के इस अभियान के तहत सामुदायिक भागीदारी और स्वामित्व पर ध्यान केंद्रित करते हुए जल संरक्षण करना है। छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल संसाधन विभाग को शुभकामनाएं दी हैं।


